लखनऊ, 15 मार्च (आरएनएस )। बहुजन समाज के महान नेता और सामाजिक न्याय के प्रणेता कांशीराम की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने उन्हें नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।संजय सिंह ने कहा कि कांशीराम ने देश की राजनीति को सामाजिक न्याय की नई दिशा दी। उन्होंने दलित, पिछड़े और वंचित समाज को संगठित कर उन्हें राजनीतिक भागीदारी और सम्मान के लिए संघर्ष करने की ताकत दी। उनका पूरा जीवन बहुजन समाज के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को समर्पित रहा।उन्होंने कहा कि कांशीराम के विचार आज भी करोड़ों लोगों को सामाजिक बराबरी और न्याय की लड़ाई के लिए प्रेरित करते हैं। देश के वंचित और कमजोर वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए उनका संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा।संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम मानती है। दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारों ने सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत कर गरीब, दलित और वंचित समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का काम किया है, जिससे लाखों परिवारों को आगे बढऩे का अवसर मिला है।उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और कांशीराम का सपना था कि शिक्षा के माध्यम से समाज के कमजोर वर्ग मजबूत बनें। आम आदमी पार्टी इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए देश में समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के जरिए दलित, वंचित और पिछड़े समाज को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

