-किसान से हुई अवैध वसूली, एसडीएम ने कहा जांच के बाद होगी कार्रवाई
मिल्कीपुर-अयोध्या 15 मार्च (आरएनएस)। मिल्कीपुर तहसील में एक लेखपाल का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लेखपाल को वरासत (उत्तराधिकार) संबंधी कागजात देखते हुए और एक किसान से 500 रुपये लेने के बाद 1000 रुपये की मांग करते हुए देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रहे लेखपाल के पास हैरिग्टनगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत मलेथू, रामपुर जोहन समेत कई ग्राम पंचायतों का प्रभार है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी कार्यों के लिए कर्मचारियों द्वारा अक्सर अवैध पैसों की मांग की जाती है, जिससे किसानों और आम लोगों को परेशानी होती है। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में भ्रष्टाचार के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पूर्व में भी यहां दो लेखपालों को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। इन घटनाओं के बावजूद ऐसे मामलों का दोबारा सामने आना प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। जिले के प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारियों को समय-समय पर निर्देश देते रहे हैं कि किसानों और पीडि़तों के काम बिना किसी बाधा के किए जाएं। साथ ही, भ्रष्टाचार या अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी जाती है। हालांकि, इस वायरल वीडियो के बाद अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी कर अवैध वसूली के आरोप फिर से सामने आए हैं। इस मामले को लेकर मिल्कीपुर के उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

