-राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन के रक्तदान शिविर में 27 बने महादानी
अयोध्या 15 मार्च (आरएनएस)। समाजसेवी एवं व्यायाम शिक्षक राज कुमार वर्मा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, शाखा अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में प्रेस क्लब, सिविल लाइन अयोध्या में वृहद रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में 27 युवाओ ने रक्तदान कर महादानी बनें। रक्तदान शिविर का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह भदौरिया ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान से किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है, इसलिए युवाओं को आगे आकर इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए।”
मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अवधेश प्रसाद ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। जब किसी व्यक्ति को अचानक रक्त की आवश्यकता होती है, तब ही हमें रक्त की वास्तविक अहमियत का एहसास होता है। ऐसे रक्तदान शिविर निश्चित ही मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। इस अवसर पर सांसद का स्वागत संस्था के महासचिव विजय वर्मा, उपाध्यक्ष नीलम श्रीवास्तव, सचिव खुशबू शाही, संजय यादव एवं अधिवक्ता प्रदीप गुप्ता ने अंगवस्त्र, पुष्पहार एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। कैम्प में संस्था के अध्यक्ष एवं रेडक्रॉस अयोध्या इकाई के आजीवन सदस्य, ब्लड मैन के नाम से चर्चित आकाश गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में जनपद में रक्त की कमी की समस्या बनी हुई है। लगभग 600 बेड क्षमता वाले जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में मात्र 45 यूनिट रक्त शेष है। ऐसे में यह रक्तदान शिविर ब्लड बैंक के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करें। शिविर की अध्यक्षता साकेत पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव व संचालक रेडक्रास अम्बेडकर नगर की चेयरमैन संध्या सिंह ने की। संस्था के संरक्षक राजेश चौबे ने कहा कि समाज में मानवता और सेवा की भावना को जीवित रखने के लिए इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। रक्तदान करने वालों में प्रमुख रूप से निलेश कुमार, ठाकुर प्रसाद वर्मा, मुनीन्द्र कुमार, सुरजीत कुमार, अंकुर गौतम, श्याम वर्मा, डॉ. सुनील गुप्ता, शेखर, एस.बी. वर्मा, पवन कुमार वर्मा, राम भिखारी चौधरी, अरुणेश वर्मा, अंकित सिंह, अंश पटेल, ओम प्रकाश वर्मा, सत्यजीत वर्मा, सुनीता जायसवाल, विनोद वर्मा, राजेंद्र कुमार यादव, पुनीत यादव, अनरण्य वर्मा, शिव शंकर वर्मा, रामजीत वर्मा, गौरव पटेल, राज कुमार वर्मा, अशोक वर्मा एवं विजय वर्मा सहित अनेक रक्तवीरों ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर के सफल संचालन में जिला चिकित्सालय की डॉ. बीनू सिंह, लैब टेक्निशियन बलराम वर्मा, काउंसलर ममता खत्री, अमिताभ वर्मा, शशांक वर्मा, प्रेम प्रकाश पाण्डेय,आशीष कौर, इंद्र प्रीत सिंह वेदी, विनय सिंह कुशवाहा, अनुराधा मौर्या,कुमकुम भाग्य मीनू यादव सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को ब्लड बैंक की ओर से डोनर कार्ड तथा संस्था की ओर से प्रमाणपत्र, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर संस्था के संरक्षक एवं समाजसेवी राजेश चौबे ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

