रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर 15 मार्च (आरएनएस)। शहर के मालंचा सुपर मार्केट स्थित एक गैस वितरण केंद्र के खिलाफ रसोई गैस को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भोर से लाइन लगाने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा और गैस लेने पर अतिरिक्त पैसे भी देने पड़ रहे हैं। रविवार को संबंधित गैस एजेंसी ने दुकान के बाहर सिलेंडर आउट ऑफ स्टॉक का नोटिस टांगकर सेंटर बंद कर दिया, जिससे इलाके के लोगों की परेशानी और बढ़ गई। बताया जा रहा है कि शनिवार को पश्चिम मेदिनीपुर के जिलाधिकारी बिजिन कृष्ण और पुलिस अधीक्षक पलाश चंद्र ढाली ने विभिन्न गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ बैठक की थी। बैठक में डिस्ट्रीब्यूटर्स ने दावा किया कि जिले में गैस की कोई बड़ी कमी नहीं है, लेकिन मालंचा इलाके की स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। रविवार सुबह इस मुद्दे को लेकर खडग़पुर शहर कांग्रेस ने गैस सेंटर के सामने विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय काउंसिलर रीता शर्मा ने आरोप लगाया कि मालंचा के इस गैस सेंटर में गैस बुक करते समय सर्विस चार्ज लिया जाता है, लेकिन बाद में ग्राहकों को गोदाम से खुद गैस लेने के लिए मजबूर किया जाता है। उन्होंने कहा कि गोदाम से सिलेंडर लेते समय ग्राहकों से 100 से 150 रुपये तक अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। वहीं काउंसिलर परमिता घोष ने कहा कि पिछले कई दिनों से गैस को लेकर समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस बुक करने के बाद कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर डिलीवर का संदेश आ जाता है, लेकिन उनके घर तक सिलेंडर नहीं पहुंचता। सेंटर में फोन करने पर कहा जाता है कि गैस पहुंच जाएगी और कई दिनों बाद सिलेंडर मिलता है। इससे गैस की कालाबाजारी होने की आशंका जताई जा रही है। परमिता घोष ने यह भी कहा कि शनिवार को ब्रिगेड में हुई सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गैस के मुद्दे पर कुछ नहीं कहा, जबकि जरूरी सामानों की बढ़ती कीमतों के साथ गैस की कीमत भी बढऩे से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उधर गैस सेंटर के कर्मचारी खोकन राउत ने कहा कि गैस की आपूर्ति नहीं हुई है, इसलिए सेंटर बंद रखना पड़ा है। स्थानीय निवासी शिला पालोधी ने बताया कि वह पिछले पांच दिनों से गैस सेंटर के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने कहा कि घर में दो छोटे बच्चों को इन दिनों होटल से खाना लाकर किसी तरह खिलाना पड़ रहा है। अब मालंचा के लोग गैस सिलेंडर की आपूर्ति शुरू होने और गैस सेंटर खुलने का इंतजार कर रहे है।

