नई दिल्ली 16 March, (Rns): पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा टीबी के बारे में जागरूकता बढ़ाने और ‘टीबी मुक्त भारत-टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ की पहल के अंतर्गत आज दिल्ली में सांसद और दिल्ली पुलिस अधिकारियों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का नेशनल स्टेडियम में आयोजन हुआ। सांसदों की कमान अनुराग सिंह ठाकुर तो दिल्ली पुलिस की कप्तानी कमिश्नर सतीश गोलचा ने सम्हाली। कड़े रोमांचक मुक़ाबले में दिल्ली पुलिस ने सांसदों की टीम को 12 रनों से हराकर विजेता की ट्राफी अपने नाम की। टॉस हारकर पहके बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली पुलिस की टीम ने 20 ओवर में 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में अनुराग सिंह ठाकुर की शानदार 52 रनों की पारी के बावजूद सांसदों की टीम 212 रन पर सिमट गई। डीडी स्पोर्ट्स पर इस मैत्री क्रिकेट मैच का सजीव प्रसारण हुआ।
इस मैत्री क्रिकेट मैच के बारे में बोलते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने ‘टीबी-मुक्त भारत’ टी20 मैच पर कहा, “मैं सभी सांसदों और पुलिस के अधिकारियों का आभार प्रकट करता हूं कि जागरूकता के लिए हम टीबी-मुक्त क्रिकेट मैच खेल रहे हैं। टीबी-मुक्त भारत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प है। ये एक ऐसी बीमारी है, जिसमें लाखों लोगों की जान जाती है। हम इसे लेकर जागरूकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और पूर्व में भारत के कई शहरों में टीबी हारेगा, देश जीतेगा की पहल के अंतर्गत हम क्रिकेट मैच खेल चुके हैं। टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए हम देश के कोने-कोने जाकर मैच खेलेंगे और जनता को टीबी के प्रति जागरूक करने का काम करेंगे। आज दिल्ली में पुलिस अधिकारियों टीम के साथ मैच खेलना एक शानदार अनुभव है। दोनों टीमों को मिलाकर 400 से ज़्यादा रन बने हैं जो इस मैच के उत्साह का प्रमाण है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 2025 तक टीबी मुक्त भारत अभियान की दिशा में ऐसे आयोजन जागरूकता को बढ़ाने के मददगार सिद्ध होंगे। हम भले ही मैच हारे हैं लेकिन जिस मक़सद के साथ इसका आयोजन था वो सफल रहा और इसी तरह हम भारत से टीबी को हराने में सफल होंगे। हम मैदान में एक-दूसरे के खिलाफ खेल सकते हैं, लेकिन हमारी असली लड़ाई टीबी के खिलाफ है। हमारा नारा है “हम खेलेंगे, लेकिन टीबी हारेगा” टीबी किसी पार्टी, व्यक्ति, देश या भाषा को देखकर नहीं आता, यह किसी को भी हो सकता है। इस मैच का मुख्य मकसद टीबी को हराना और यह संदेश हर नागरिक तक पहुंचाना है। मैं न केवल नेताओं बल्कि उन सभी पुलिस अधिकारियों की भी सराहना करता हूं जिन्होंने आगे बढ़कर इस अभियान में भाग लिया और इसे जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संसदीय कार्यमंत्री श्री किरेन रिजिजू ने कहा” भारत की संसद 140 करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करती है और जनप्रतिनिधियों के अनुभव का लाभ समाज को मिले ऐसी अपेक्षा रखती है। हमें 2025 तक टीबी मुक्त भारत बनाना है और ऐसे में सांसदों और पुलिस अधिकारियों का यह मैत्री मैच टीबी उन्मूलन के ख़िलाफ़ जागरूकता फैलाने का काम करेगा। इस मैच में भाग ले रहे सभी सांसदों व पुलिस अधिकारियों और इस कार्यक्रम के आयोजक अनुराग सिंह ठाकुर जी को बधाई देता हूँ कि उन्होंने टीबी जैसी बीमारी को जड़ से ख़त्म करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास किया है। यदि हम सभी पूरे संकल्प के साथ अपने अपने क्षेत्रों में टीबी उन्मूलन के ख़िलाफ़ जागरूकता फैलाने के लिए लगेंगे तो निश्चित रूप से हम तय समय पर भारत से टीबी को जड़ से उखाड़ने में सफल होंगे”
मैच के समापन पर खिलाड़ियों को सम्मानित करने के दौरान बीसीसीआई उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद श्री राजीव शुक्ला ने कहा “नेता बनाम पुलिस अधिकारी के इस क्रिकेट मैच के आयोजन के पीछे श्री अनुराग सिंह ठाकुर जी की सोच काफ़ी दूरदर्शी और प्रभावी है जिसका मैं अभिनंदन करता हूँ। यह देखना सुखद है कि नेता और पुलिस अधिकारी दोनों ही टीबी के ख़िलाफ़ जागरूकता लाने के लिए एक प्लेटफ़ॉर्म पर इक्कठा हुए हैं और आज यह स्टेडियम एक शानदार और रोमांचक मैच का गवाह बना है। क्रिकेट और राजीनीति दोनों में ही कई समानताएँ हैं और इसलिए दर्शकों के प्रति भी इस मैच को लेकर ख़ासा उत्साह है। मैं इस मैच में खेलने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देता हूँ”
सीसीआई के अध्यक्ष व वरिष्ठ सांसद श्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा” अनुराग ठाकुर हर बार इस तरह के मैच का आयोजन करते हैं, और इसका मुख्य मकसद यही संदेश पहुंचाना होता है कि हमें देश से टीबी को खत्म करना है। हार-जीत एक तरफ है, लेकिन देश को टीबी मुक्त बनाना ही असली लक्ष्य है”

