नेपाल पंडित
हुगली 16 मार्च (आरएनएस)। बंगाल में सड़क हादसों का क्रम जारी है। हुगली जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो बार डांसर सहित कुल तीन लोगों की मौत हो गई है। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस व स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त घटना पोलबा थाना अंतर्गत सोनादार मैदान के पास चुंचुड़ा-तारकेश्वर रोड पर आज तड़के घटी। पुलिस के अनुसार मृतकों की शिनाख्त योगिता राणा (21), निवासी हरियाणा, ज्योति विश्वास (21), निवासी रानाघाट और शेख हासिब अहमद, निवासी दादपुर के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय निवासियों के अनुसार, हादसाग्रस्त कार बहुत तेज गति से चल रही थी तभी अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। अचानक हालात के कारण कार चालक गति कम करने में विफल रहा और कार ने कुत्ते को टक्कर मार दी, जिससे वह हवा में उछल गया। टक्कर के तुरंत बाद, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण कार पहले सड़क के बाईं ओर एक पेड़ से टकराई और फिर सड़क के दूसरी ओर उछलकर दूसरी तरफ एक और पेड़ से जा टकरा गई। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उक्त कार दादपुर से चुंचुड़ा लौट रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके बोनट से धुआं निकलने लगा। कार में चार लोग सवार थे। इनमें दो युवतियां भी शामिल थीं, जो दादपुर की एक बार में काम करती थीं। घटना के समय कार चला रहे सैयद सागिर हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें चुंचुड़ा स्थित इमामबाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मामले पर प्रियव्रत बक्सी, डीएसपी (डीएनटी) हुगली ग्रामीण पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर गश्ती पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि चालक का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। उक्त घटना को लेकर लोग ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे है कि, आखिर बेकाबू वाहनों पर पुलिस क्यों नहीं रोक लगा पा रही है।

