रायपुर 16 मार्च (आरएनएस)विदेशी मुद्रा के नाम पर टूर एंड ट्रैवल्स व्यवसायी से करीब 19 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक शातिर आरोपी को रायपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 4.50 लाख रुपये नकद और एक आईफोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार गुरुनानक नगर, तेलीबांधा निवासी हरदीप सिंह होरा ने थाना तेलीबांधा में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह “ट्रैवल प्लानर” नाम से टूर एंड ट्रैवल्स का व्यवसाय करता है। 1 मार्च 2026 को उसे एक व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने अपना नाम हर्षित अग्रवाल बताते हुए अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग कराने की बात कही। बातचीत के दौरान उसने बैंक खाता विवरण भी ले लिया और अगले दिन भुगतान करने की बात कही।
2 मार्च को आरोपी ने प्रार्थी को करेंसी टॉवर स्थित जेनेट को-वर्किंग स्पेस में बुलाया और 18 हजार अमेरिकी डॉलर तथा 2 हजार ब्रिटिश पाउंड साथ लाने को कहा। वहां मौजूद व्यक्ति ने नोट गिनने की मशीन लाने का बहाना किया, जबकि फोन पर बातचीत में उलझाकर दूसरा आरोपी विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया। इस तरह आरोपियों ने लगभग 19 लाख 47 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी मध्य जोन उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल नंबरों की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को आरोपियों का सुराग पश्चिम बंगाल तक मिला।
पुलिस टीम ने हावड़ा में दबिश देकर आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती (पिता प्रणव चक्रवर्ती), उम्र 38 वर्ष, निवासी 18 ओला बीबीतला लेन, थाना चटर्जी हाट, सिबपुर, जिला हावड़ा (पश्चिम बंगाल), पिन 711104 को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विदेशी मुद्रा के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.50 लाख रुपये नकद और घटना से संबंधित एक आईफोन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी मुंबई के थाना बांद्रा में ठगी का मामला दर्ज है।
फिलहाल पुलिस इस ठगी गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

