कुशीनगर, 16 मार्च (आरएनएस)। जनपद में निजी अस्पतालों में आए दिन हो रहे मौत को लेकर मीडिया द्वारा लगातार उठाए जा रहे सवाल पर सम्बन्धित स्वास्थ्य विभाग की नींद खुल गई है। सीएमओ कुशीनगर ने खड्डा तहसील क्षेत्र में लाइसेंसी व गैर लाइसेंसी निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओ का जायजा लिया और इन अस्पतालों में चिकित्सक एवं पैरा मेडिकल स्टाफ की अनुपस्थिति पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही कार्यवाही के लिए सम्बन्धित एमवाईसी को निर्देशित किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 चन्द्र प्रकाश ने खड्डा तहसील क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों की जांच की। जांच के दौरान नेबुआ नौरंगिया विकास खण्ड क्षेत्र में संचालित जीवन ज्योति हॉस्पिटल, अपना हॉस्पिटल एवं सेवा हॉस्पिटल में उपस्थित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी हासिल की। उन्होंने अस्पताल परिसर, ऑपरेशन थिएटर, ओ0टी0 की साफ-सफाई एवं रखरखाव, वार्डों में भर्ती मरीजों की स्थिति सहित उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके उपरांत खड्डा ब्लॉक में संचालित मेडिसिटी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया, जहां चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, संचालित मेडिकल स्टोर, भर्ती मरीजों तथा ओ0टी0 की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ के अनुपस्थित पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात करते हुए संबंधित ब्लॉक के अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि इन अस्पतालों की नियमित जांच में पंजीकृत, नामित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति का भौतिक सत्यापन किया जाय। उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी अस्पतालों में पंजीकृत चिकित्सकों के बार-बार अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित अस्पताल का पंजीकरण निरस्त करते हुए संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

