मेरठ 16 मार्च (आरएनएस)। देश भर में गैस की किल्लत और बढ़ती दरों को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान सपाईयों की पुलिस से तीखी नोंक-झोंक हुई। इस दौरान सपाइयों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए गैस संकट दूर करने की मांग उठाई।
सपा जिला अध्यक्ष कर्मवीर सिंह गूमी के नेतृत्व में सोमवार को दर्जनों पुरुष और महिला कार्यकर्ता कमिश्नरी चौराहे पर एकत्र हुए। जहां से हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए सपा के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान रास्ते में पुलिस द्वारा रोके जाने पर सपाइयों की पुलिसकर्मियों के साथ तीखी नोंक-झोंक हुई। कार्यकर्ता पुलिस को धकियाते हुए आगे बढ़ गए और कलेक्ट्रेट में धरना देते हुए प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के चलते देशभर में रसोई गैस की किल्लत हो गई है।
गैस एजेंसियों पर ग्राहकों की भीड़ लगी है और खुलकर गैस की काला बाजारी हो रही है। वहीं, भारत सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के रेट भी बढ़ा दिए हैं। राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में सपा नेताओं ने गैस संकट दूर किए जाने और रसोई गैस के बढ़े हुए दाम कम करने की मांग की। इसी के साथ गैस संकट का तत्काल समाधान निकालने और लोगों के घरों में गैस की आपूर्ति सामान्य कराए जाने की मांग की। विधायक अतुल प्रधान ने भी गैस संकट को लेकर नाराजगी जताई है। प्रदर्शन के दौरान नदीम चौहान, रविंद्र प्रेमी, अहते श्याम इलाही, योगेंद्र सोल्दा, धनीराम गौतम, मोहम्मद चांद, मृदुला यादव और सम्राट मलिक मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

