लखनऊ 16 मार्च (आरएनएस ) । आगरा एक्सप्रेसवे पर रेवरी टोल प्लाजा (किमी 290) के पास शनिवार देर रात करीब 11 बजे एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई। कार और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।पुलिस के अनुसार कार संख्या यूपी 32 एनक्यू 1596 और कंटेनर संख्या एनएल 01 एबी 9886 के बीच टक्कर हुई। दुर्घटना में राजेंद्र यादव (45) निवासी गौरी विहार, सरोजिनी नगर को साधारण चोटें आई हैं और उन्हें लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सविता यादव (40) को गंभीर चोटें आने के कारण ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पार्थ यादव (12) को भी साधारण चोटें आई हैं और उसका इलाज लोकबंधु अस्पताल में चल रहा है।दुर्घटना में राजेश यादव (लगभग 45) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उर्मिला यादव गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों के परिजन दीपक कुमार यादव ट्रॉमा सेंटर में मौजूद हैं।पुलिस के अनुसार कंटेनर चालक मौके पर नहीं मिला है। दुर्घटनाग्रस्त कार को हाइड्रा मशीन की मदद से सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया है और कंटेनर को भी सड़क किनारे हटा दिया गया है, जिससे यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और दुर्घटना की विस्तृत जांच जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

