लखनऊ, 16 मार्च (आरएनएस )। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में आए फरियादियों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का हर संभव समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।सोमवार को उपमुख्यमंत्री अपने कैम्प कार्यालय 7 कालीदास मार्ग पर विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्याओं का निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि पीडि़त व्यक्ति को दोबारा भटकना न पड़े और बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की शिकायतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्पीडऩ और भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों को अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निपटाया जाए तथा आवश्यकता पडऩे पर कठोर कार्रवाई भी की जाए।जनता दर्शन में भूमि विवाद, सड़क दुर्घटना, अवैध कब्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास आवंटन, अतिक्रमण हटाने, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, अभियुक्तों की गिरफ्तारी और उत्पीडऩ से संबंधित समस्याएं प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने रखीं। उपमुख्यमंत्री स्वयं फरियादियों के पास जाकर उनसे सीधे संवाद करते हुए उनकी शिकायतें सुनते रहे।इस दौरान सैकड़ों लोग जनता दर्शन में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने समस्याओं के समाधान के लिए बुलंदशहर, मिर्जापुर, अम्बेडकरनगर, शामली, प्रतापगढ़ और फर्रुखाबाद के जिलाधिकारियों के साथ ही सम्भल, चित्रकूट, ललितपुर, बदायूं, शामली, रायबरेली और बहराइच के पुलिस अधीक्षकों तथा शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

