लखनऊ, 16 मार्च (आरएनएस ) । जनपद हमीरपुर के राठ कस्बे में स्थित परिवहन डिपो कार्यशाला के पुनर्निर्माण और आधुनिकीकरण के लिए प्रदेश सरकार ने आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी है। प्रस्तावित बस स्टेशन/डिपो का निर्माण पीपीपी मॉडल पर विकसित किए जाने वाले बस स्टेशन और डिपो की सूची में शामिल नहीं है।परिवहन विभाग की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार राठ स्थित डिपो कार्यशाला के पुनर्निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 1 करोड़ 62 लाख 33 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे पहले इस परियोजना के लिए करीब 3 करोड़ 62 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। इस प्रकार अब तक कुल 5 करोड़ 62 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।इस कार्य के लिए उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित मानकों, विशिष्टताओं और गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की होगी।वर्तमान में राठ स्थित डिपो कार्यशाला का भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है, जिसके कारण यात्रियों और परिवहन कर्मियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए शासन स्तर पर इसके पुनर्निर्माण का निर्णय लिया गया है।पुनर्निर्माण के बाद डिपो कार्यशाला को आधुनिक उपकरणों और आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे बसों के रखरखाव और मरम्मत कार्य को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से किया जा सके। शासन ने निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि के अनुरूप निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए।

