नईदिल्ली,16 मार्च (आरएनएस)। राज्यसभा की 11 सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। इसी के साथ धीरे-धीरे नतीजे भी आ रहे हैं। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी 5 उम्मीदवार जीत गए हैं। यहां महागठबंधन के 37 विधायकों ने ही मतदान किया और 4 मतदान के लिए नहीं पहुंचे। वहीं, ओडिशा में भी कांग्रेस के 3 विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की खबर है। बता दें कि कुल 37 सीटों पर चुनाव हुए, जिनमें से 26 उम्मीदवार निर्विरोध जीत गए हैं।
बिहार में एनडीए के सभी 202 विधायकों ने वोट डाले। इसी वजह से 5वें उम्मीदवार शिवेश कुमार की जीत सुनिश्चित हो पाई। उम्मीद है कि कुमार को लगभग 38 वोट मिलेंगे, जबकि आरजेडी उम्मीदवार एडी सिंह को 37 वोट मिल सकते हैं। महागठंधन के जिन विधायकों ने वोट नहीं डाला, उनमें राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के फैसल रहमान और कांग्रेस के मनोहर प्रसाद, सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास शामिल हैं।
हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के दोनों विधायकों ने मतदान नहीं किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने कहा, जनता की आवाज पर फैसला लिया कि हमारे दोनों विधायक चुनाव से दूरी बनाएंगे। भाजपा का रवैया सही नहीं रहा। उन्होंने जाति-धर्म की राजनीति की। निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल मुझसे मिले थे। मैंने साफ कह दिया था कि इस पर पार्टी का सामूहिक फैसला होगा। कांग्रेस में कोई क्रॉस वोट होता तो इसकी जिम्मेदारी भूपेंद्र सिंह हुड्डा की होगी।
महाराष्ट्र की 7 में से 6 सीटें एनडीए के खाते में गई हैं। एक सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के शरद पवार चुने गए हैं। तमिलनाडु की 6 में से 2 सीटें एनडीए, 4 विपक्ष को मिली हैं। इसी तरह पश्चिम बंगाल की 5 में से 4 सीट विपक्ष और एक एनडीए, असम की तीनों सीटें एनडीए, तेलंगाना की दोनों सीटें विपक्ष, छत्तीसगढ़ में एक विपक्ष और एक एनडीए और हिमाचल प्रदेश की एक सीट विपक्ष को गई है।
महाराष्ट्र से विनोद तावड़े, रामराव वडुकेटे और माया इवनाते (तीनों भाजपा), पार्थ पवार (एनसीपी अजित), ज्योति वाघमारे (शिवसेना शिंदे) और रामदास अठावले (आरपीआई)। तमिलनाडु से एम थंबीदुराई (एआईएडीएमके), अंबुमणि रामदास (पीएमके), तिरुचि शिवा, जे रविंद्रन, एलके सुदीश (तीनों डीएमके) और क्रिस्टोफर तिलक (कांग्रेस)। पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा (भाजपा), बाबुल सुप्रियो, राजीव कुमार, मेनका गुरुस्वामी और कोएल मलिक (चारों टीएमसी)। असम से जोगेन मोहन, तेरोस गोवाला (दोनों भाजपा) और प्रमोद बोरो (यूपीपीएल)।
तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी (कांग्रेस)। छत्तीसगढ़ से भाजपा की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फुलो देवी नेताम। हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस के अनुराग शर्मा
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

