भिलाई, 16 मार्च (आरएनएस)। स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित स्वदेशी मेले के चौथे दिन भिलाई में उत्साह, उमंग और स्वदेशी के प्रति बढ़ते प्रेम का अनोखा नजारा देखने को मिला। मेले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों ने जहां लोगों का भरपूर मनोरंजन किया, वहीं समाज में समरसता, सहयोग और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को भी मजबूत किया। चौथे दिन आयोजित मिलेट्स व्यंजन प्रतियोगिता मेले का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें करीब 40 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में अरुणा जैन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अनिता सिंह, सुषमा सिंह, मधुस्मिता दीक्षित, संगीता चौधरी और वंशिका को भी विजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन श्रीमती दीपशिखा भटनागर और अनिता अग्रवाल ने किया, जबकि पूरे आयोजन का संचालन सहसंयोजक सरोजनी पाणिग्रही के मार्गदर्शन में किया गया। मेले में बच्चों, युवाओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला और समाज में आपसी सौहार्द तथा एकता का संदेश भी प्रसारित हुआ। स्वदेशी उत्पादों के प्रति लोगों का आकर्षण भी मेले में साफ नजर आया। देशभर से आए स्वदेशी उत्पादों के 300 से अधिक स्टॉलों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती रही। परिवारों के साथ पहुंचे नागरिकों ने स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी के साथ फूड जोन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन गतिविधियों का भी आनंद लिया। आयोजकों के अनुसार स्वदेशी मेले का उद्देश्य केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना नहीं बल्कि समाज में स्वदेशी के प्रति गर्व और आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करना है। मेले में लगे स्टॉल देशी उद्योगों और छोटे उद्यमियों को एक बड़ा मंच प्रदान कर रहे हैं। इस दौरान वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने अपने संबोधन में कहा कि स्वदेशी मेला केवल बाजार नहीं बल्कि स्वदेशी जागरण का अभियान है, जिससे लोगों में स्वदेशी उत्पादों के प्रति लगाव बढ़ रहा है। वहीं वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि ऐसे आयोजन देशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करते हैं। हर दिन नए कार्यक्रमों और गतिविधियों के साथ स्वदेशी मेला भिलाईवासियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और शहरवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस आयोजन को और भी सफल बना रही है। प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी शंकर सचदेव द्वारा दी गई
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

