राजनांदगांव, 16 मार्च (आरएनएस)। लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थायी गिरफ्तारी वारंटियों को पकडऩे में छुरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष अभियान के तहत दोनों आरोपियों को दबोचकर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार जिले में चलाए जा रहे स्थायी वारंटियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरीनंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना छुरिया की टीम ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि जुआ एक्ट के मामले में वांछित आरोपी शेख उमर (38 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 6 छुरिया, जो वर्तमान में कबीरधाम जिले में रह रहा था, लंबे समय से फरार चल रहा है। वहीं एनआई एक्ट के मामले में आरोपी भागचंद गोड (37 वर्ष) निवासी ग्राम बखरूटोला, पुलिस चौकी जोब थाना छुरिया भी न्यायालय से जारी स्थायी वारंट के बावजूद फरार था। थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम को दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रवाना किया गया। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों वारंटियों को पकड़ लिया और थाना छुरिया लाकर आगे की कार्रवाई की। इसके बाद दोनों आरोपियों को 16 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक कौशलेश देवांगन, उप निरीक्षक ओम सिंह साहू, प्रधान आरक्षक मनोज साहू, आरक्षक फूलेन्द्र राजपूत, देवी लाल साहू, रितेश यादव और कोमल साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में फरार वारंटियों की धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०

