० डीआईजी नियुक्त
रायपुर, 16 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वर्ष 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में डीआईजी पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स द्वारा जारी आदेश में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर संतोष सिंह को तत्काल प्रभाव से रिलीव करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें। वर्तमान में संतोष सिंह पुलिस मुख्यालय में डीआईजी सीसीटीएनएस/एससीआरबी के पद पर पदस्थ हैं। इससे पहले वे रायपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। आईपीएस संतोष सिंह अपने कार्यकाल के दौरान अवैध नशे के खिलाफ चलाए गए निजात अभियान को लेकर खासे चर्चित रहे। इस अभियान की सफलता के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आईएससीपी अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। बता दें कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल देश की महत्वपूर्ण सुरक्षा एजेंसियों में से एक है, जो औद्योगिक संस्थानों, एयरपोर्ट, परमाणु संयंत्र, सरकारी इमारतों और संसद सहित कई अहम प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है। हाल ही में बंदरगाहों की सुरक्षा का दायित्व भी सीआईएसएफ को सौंपा गया है।
त्रिपाठी
०

