दुर्ग/भिलाई, 16 मार्च (आरएनएस)। गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रही मरीज के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस को रिकॉर्ड समय में रायपुर पहुंचाया। पुलिस के समन्वित प्रयास से एंबुलेंस मात्र 42 मिनट में भिलाई के मित्तल हॉस्पिटल से रायपुर स्थित रामकृष्ण हॉस्पिटल तक पहुंच गई, जिससे मरीज को समय पर उपचार मिल सका। जानकारी के अनुसार भिलाई निवासी दीपिका भोसले को उपचार के लिए मित्तल हॉस्पिटल, नेहरू नगर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय जांच के दौरान उनकी स्थिति गंभीर पाई गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल रेफर कर दिया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल दुर्ग यातायात पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मित्तल हॉस्पिटल से रामकृष्ण हॉस्पिटल तक ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। रास्ते में आने वाले प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती कर यातायात को नियंत्रित किया गया और आवश्यक स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया, ताकि एंबुलेंस को बिना किसी बाधा के तेज गति से निकलने का रास्ता मिल सके। पूरे मार्ग में वायरलेस के जरिए एंबुलेंस की लगातार मॉनिटरिंग की गई। पुलिस के बेहतर समन्वय और सतर्क व्यवस्था के कारण एंबुलेंस लगभग 42 मिनट में सुरक्षित रूप से रायपुर पहुंच गई, जहां मरीज का उपचार जारी है। इस मानवीय पहल में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने समय रहते यातायात व्यवस्था संभालकर एंबुलेंस को निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराया। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देते हुए तुरंत रास्ता दें, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल सके।
०

