जांजगीर-चांपा, 16 मार्च (आरएनएस)। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस ने मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर परिवहन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन पिकअप वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 15 हजार 900 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान ऐसे वाहनों पर निगरानी रखी गई, जिनमें मालवाहक वाहनों में लोगों को बैठाकर यात्रा कराई जा रही थी। जांच के दौरान तीन पिकअप वाहन चालकों को मालवाहक वाहन में सवारी बैठाकर परिवहन करते हुए पाया गया। इसके बाद मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालकों से जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा यातायात पुलिस द्वारा ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाना, तेज गति से वाहन चलाना, बिना सीट बेल्ट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि मालवाहक वाहन केवल माल ढोने के लिए होते हैं, इनमें सवारी बैठाकर यात्रा करना खतरनाक होने के साथ ही कानूनन अपराध भी है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी ऐसे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक रामकुमार जैन, निरीक्षक सुभाष चौबे, एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय, आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, राजू शर्मा, सुनील राजपूत, पुरुषोत्तम राजपूत तथा सैनिक राजेंद्र राठौर का सराहनीय योगदान रहा।
०

