रायपुर, 16 मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में घर के सामने खड़ी मिनी ट्रक चोरी करने वाले आरोपी को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मिनी ट्रक भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार अमित साहू ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी मिनी ट्रक अशोक लेलैंड डोस्ट प्लस (क्रमांक ष्टत्र-04-स्न॥-4470) को घर के सामने लॉक कर खड़ी कर अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 9:30 बजे जब वह बाहर निकले तो देखा कि जहां वाहन खड़ा किया था वहां मिनी ट्रक गायब थी। आसपास काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर भी सक्रिय किए गए। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर टीम ने सोनू साहू को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने मिनी ट्रक चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू साहू (35 वर्ष) निवासी बारह खोली के सामने, गांधी नगर, थाना सिविल लाइन रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मिनी ट्रक बरामद कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
०

