दुर्ग, 16 मार्च (आरएनएस)। पुलगांव थाना क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने और इलाके में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो धारदार हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 16 मार्च को नियमित पेट्रोलिंग के दौरान पुलगांव चौक के पास पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि पीसेगांव नदी रोड के पास दो युवक हाथों में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराते-धमकाते हुए भय का माहौल बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी मयंक बांधे के पास से एक चापडऩुमा लोहे का धारदार हथियार और आरोपी दिनेश ठाकुर के पास से एक बटनदार स्टील का धारदार हथियार बरामद किया गया। दोनों युवकों के खिलाफ थाना पुलगांव में आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक बांधे (19 वर्ष) निवासी ग्राम चंदखुरी और दिनेश ठाकुर (19 वर्ष) निवासी ग्राम कोनारी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना पुलगांव के उप निरीक्षक बेदराम चंद्रवंशी, सहायक उप निरीक्षक सुभाष कुमार साहू, प्रधान आरक्षक सुनील कुमार सोनी, आरक्षक अश्वनी यादव और आरक्षक हरीशचंद सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
०

