राजनांदगांव, 16 मार्च (आरएनएस)। छुरिया थाना क्षेत्र में शराब के नशे में पत्नी के साथ लगातार मारपीट और झगड़ा करने वाले पति के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है। घटना के बाद क्षेत्र में घरेलू विवाद को लेकर पुलिस की सख्ती देखने को मिली। पुलिस के अनुसार ग्राम कुमर्रा निवासी एक महिला ने थाना छुरिया पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति प्रेमलाल कोर्राम आए दिन शराब पीकर घर आता है और उससे विवाद कर मारपीट करता है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को थाना बुलाकर समझाइश देने का प्रयास किया। हालांकि समझाइश के दौरान भी आरोपी पति का व्यवहार नहीं बदला और वह थाना परिसर में ही पत्नी के साथ विवाद और झगड़ा करने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका हुई कि आरोपी भविष्य में किसी गंभीर घटना को अंजाम दे सकता है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमलाल कोर्राम (28 वर्ष) निवासी ग्राम कुमर्रा, थाना छुरिया के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इस्तगासा तैयार कर उसे तहसील न्यायालय छुरिया में पेश किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी केशरीनंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, उप निरीक्षक उदय सिंह चंदेल, आरक्षक छन्नूलाल खुटे और आरक्षक नंद मंडावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।
०

