बलौदाबाज़ार 17 मार्च 2026(आरएनएस) हथबंद में शराब दुकान के गार्ड पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गार्ड रूम में जबरन घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की इस घटना ने इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे, जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया।
प्रार्थी हरीश वैष्णव, निवासी ग्राम तरपोंगा, जो हथबंद शराब दुकान में गार्ड के रूप में कार्यरत है, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 मार्च की रात करीब 10 बजे बिक्री काउंटर बंद होने के बाद वह अपने साथियों के साथ गार्ड रूम में खाना खा रहा था। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे आरोपी जबरदस्ती दरवाजा खोलकर अंदर घुस आए और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा उसके साथ मारपीट की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना हथबंद में अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 333 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने गार्ड रूम में जबरन घुसकर मारपीट और धमकी देने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद चिंताराम उर्फ मनीराम अनंत (25 वर्ष), शिवकुमार तुरकाने (22 वर्ष) और डागेश्वर अनंत (24 वर्ष), सभी निवासी ग्राम हथबंद, को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

