भरतपुर ,17 मार्च (आरएनएस)। राजस्थान के भरतपुर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर बांसी बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए सड़क के दूसरी ओर जाकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 7 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। नींद में थे यात्री, अचानक मची चीख-पुकार प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी स्लीपर कोच बस उत्तर प्रदेश के बरेली से जयपुर की ओर जा रही थी। बस में सवार अधिकांश यात्री मजदूर थे जो रोजगार के सिलसिले में जयपुर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण
हादसे की सूचना मिलते ही सेवर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके चलते चालक संतुलन खो बैठा और बस डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा में जा पलटी।
अस्पताल में उपचार जारी
पुलिस ने सभी 7 गंभीर घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से भरतपुर के आरबीएम जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। घायल महिला यात्रियों ने बताया कि हादसे के समय अधिकतर लोग सो रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

