दिल्ली, यूपी, तमिलनाडु, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के नोडल अधिकारी जांच के दायरे में*
नई दिल्ली 17 March, (Rns) : दिव्यांग छात्रों के लिए चलाई जा रही अंब्रेला छात्रवृत्ति योजना में 11.4 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का मामला सामने आया है। इस मामले में CBI ने पांच राज्यों के नोडल अधिकारियों, फर्जी शिक्षण संस्थानों और छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अधिकारियों के अनुसार, जिन राज्यों के अज्ञात लोक सेवकों और नोडल अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि अंब्रेला छात्रवृत्ति योजना के तहत 28 संस्थानों से जुड़े 926 छात्रों को करीब 11.41 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। इनमें कई छात्र फर्जी पाए गए या संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं।
यह योजना वर्ष 2018 में दिव्यांग छात्रों की पढ़ाई में आर्थिक मदद के लिए शुरू की गई थी। इसके तहत कक्षा 11-12 के छात्रों के अलावा मैट्रिक के बाद डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कोर्स, स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले छात्रों को भी छात्रवृत्ति दी जाती है।
सीबीआई अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इसमें शामिल अधिकारियों, संस्थानों और छात्रों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

