उज्जैन 17 March, (Rns) । मध्य प्रदेश के उज्जैन में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसा भेरूगढ़ थाना क्षेत्र के उन्हेंल रोड स्थित गोयला बुजुर्ग गांव के पास हुआ, जहां एक स्विफ्ट डिजायर कार और आयशर वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। वहीं घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

