बिलासपुर,17 मार्च (आरएनएस)। बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में सेना के रिटायर्ड जवान के घर से सोने के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला खरदीदार एवं दो नाबालिग समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महंगी थार गाड़ी खरीदने की योजना के तहत जवान के बेटे को अपने ही घर में चोरी करने को कहा और 5 तोला सोना चोरी करवा लिया। बता दें कि भारतीय सेना से सेवानिवृत्त बहतराई निवासी सुशील कुमार शर्मा ने 14 मार्च को सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और नाबालिग आरोपियों के साथ चोरी का सोना खरीदने वाले लोगों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी हुए सोने के शत-प्रतिशत जेवर बरामद कर लिए हैं। पुलिस पूछताछ में एक नाबालिग ने बताया कि सभी दोस्तों ने मिलकर थार गाड़ी खरीदने के लिए अपने-अपने घरों से सोना चोरी करने की योजना बनाई थी। इसी के तहत उन्होंने नकली सोना दिखाकर सुशील शर्मा के बेटे को असली सोना लाने के लिए उकसाया। हालांकि, चोरी किए गए सोने को बेचने के बाद भी रकम गाड़ी खरीदने के लिए पर्याप्त नहीं हुई, जिसके बाद आरोपियों ने पैसे खर्च कर दिए। पैसे खत्म होने पर वे फि र से सोना लाने के लिए दबाव बनाने लगे। पुलिस के अनुसार, जनवरी से मार्च के बीच नाबालिगों ने करीब 15 तोला सोना अलग-अलग लोगों को बेच दिया था। जिसे पुलिस ने सूचना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़कर बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि खुशबू अग्रवाल नामक महिला ने नाबालिगों को झांसे में लेकर करीब 5 तोला से अधिक सोना औने-पौने दाम में खरीदा था। कुछ सोना गिरवी रखकर भी रकम हासिल की गई थी। पुलिस ने 2 नाबालिग और एक महिला खरीदार समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

