धमतरी, 18 मार्च (आरएनएस)। देशभर में एलपीजी के दाम बढऩे एवं किल्ल्त को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है. जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने इसे सरकार की जनता के प्रति असंवेदनशीलता बताया है. आगे कहा की देश भर में कई परिवार एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें खाना पकाने के पारंपरिक तरीकों की ओर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा है। यह संकट केंद्र सरकार की गलत नीतियों का नतीजा है। उन्होंने कहा, हर घर की रसोई से सिलेंडर गायब हो गया है। देश के प्रधानमंत्री की गलत नीतियों के कारण, किसी न किसी तरह हमें इस गैस संकट का सामना करना पड़ रहा है। आज देश में लोग गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े हैं, और कुछ लोगो की तो वहां बेहोश होने की खबरें भी आ रहीं हैं। इस स्थिति से सार्वजनिक कैंटीन समेत कई प्रतिष्ठान प्रभावित हुए है, श्रीमति चंद्राकर ने कहा की जिस तरह नोटबंदी के दौरान और कोविड-19 के दौरान ऑक्सीजन की कमी के समय लोगों को कतारों में खड़ा होना पड़ा था, उसी तरह आज पूरा देश गैस सिलेंडर के लिए कतार में खड़ा है। प्रदेश मे भाजपा ने चुनाव के समय मोदी की गारंटी को लेकर 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा प्रदेश की जनता से किया था लेकिन आज मोदी की जुमले वाली गारंटीयों का परिणाम देश के साथ प्रदेश की जनता को भी भुगतना पड़ रहा है।
०००

