नईदिल्ली,18 मार्च। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज फिन एलन इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में खेलने के लिए तैयार हैं। वह पहली बार इस प्रतिष्ठित लीग में हिस्सा लेंगे। उन्हें नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। एलन ने टी-20 विश्व कप 2026 में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था और वह आगामी आईपीएल सीजन में भी लय बरकरार रखना चाहेंगे। उनके टी-20 क्रिकेट के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
टी-20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड की टीम उपविजेता रही थी और इस अभियान में एलन की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने कई अहम मुकाबलों में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने 8 पारियों में 49.66 की औसत और 200.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 298 रन बनाए थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए सेमीफाइनल मैच में सिर्फ 33 गेंदों में शतक पूरा किया था। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेज शतक जडऩे वाले बल्लेबाज बने थे।
एलन ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2021 में खेला था। उन्होंने अब तक 62 मुकाबले खेले हैं और इसकी 61 पारियों में 28.67 की औसत और 170.73 की स्ट्राइक रेट से 1,663 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 3 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 137 रन रहा है। वह अब तक 146 चौके और 115 छक्के लगा चुके हैं।
एलन अपने टी-20 क्रिकेट करियर में 5,000 से अधिक रन बना चुके हैं। क्रिकइंफो के मुताबिक, उन्होंने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में कुल 182 मैच खेले हैं, जिसकी 179 पारियों में 30.75 की औसत और 176.47 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,259 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 151 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 6 शतक और 33 अर्धशतक लगाए हैं। अपने टी-20 करियर में एलन 300 से अधिक छक्के लगा चुके हैं।
एलन ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स की ओर से 2 सीजन में 21 मैच खेल चुके हैं, जिसमें 30.80 की औसत और 184.33 की स्ट्राइक रेट के साथ 647 रन बनाए हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पाकिस्तान सुपर लीग में 10 पारियों में 23.66 की औसत और 171.77 की स्ट्राइक रेट से 213 रन बनाए हैं। द हंड्रेड में उन्होंने 17 पारियों में 23.82 की औसत से 405 रन बनाए हैं।
आईपीएल 2022 की नीलामी में एलन को आरसीबी ने 80 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि, उन्हें कभी इस टीम से खेलने का मौका नहीं मिल सका।
००

