Raipur 18 March, (Rns) /- छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इन दर्दनाक हादसों से प्रदेश में शोक का माहौल है।
बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 8:30 बजे स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र जयवंत पटेल की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह कक्षा 7वीं का छात्र था और साधीपारा का निवासी था।
वहीं कोरबा जिले में कोयले से भरी ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में बृजपाल सिंह कंवर (23), मंगल सिंह (25) और ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर पलट गया और सड़क पर कोयला बिखर गया। हाइड्रा मशीन की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।
लोरमी में भी तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
इन हादसों के बाद पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और रफ्तार पर नियंत्रण की जरूरत को उजागर किया है।

