शाजापुर 18 march, (rns) /- मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां नदी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अकोदिया थाना क्षेत्र के देवला बिहार गांव में कालीसिंध नदी में नहाने के दौरान दो बालक डूब गए। मृतकों की पहचान पीयूष (13), पिता किशोर और अनमोल (12), पिता बलवान के रूप में हुई है। पीयूष कक्षा 6 का छात्र था, जबकि अनमोल उसका भांजा बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर से खेलने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों के नदी में डूबने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

