मुंगेली 18 मार्च (आरएनएस)नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के सनसनीखेज मामले में सरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर रायपुर से बरामदगी कर पुलिस ने न केवल पीड़िता को सुरक्षित वापस लाया, बल्कि आरोपी को सलाखों के पीछे भी पहुंचा दिया।
मामला 1 मार्च 2026 का है, जब एक व्यक्ति ने थाना सरगांव में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बेटी को राहुल यादव नामक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार पतासाजी की।
जांच के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 मार्च को रायपुर के बोरियाखुर्द इलाके में दबिश दी। यहां से आरोपी राहुल यादव को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया गया।
थाना लाकर महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता से विस्तृत पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी की भूमिका स्पष्ट हुई। पूछताछ में आरोपी ने भी अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की अन्य धाराएं और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष शर्मा सहित पुलिस टीम की सक्रियता और समन्वय निर्णायक रहा।

