सिरसा 18 मार्च (आरएनएस)। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर पंचायत भवन में आयोजित फील्ड ट्रेनर्स की कार्यशाला के अंतिम दिन प्रतिभागियों को हाउस लिस्टिंग एप से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का लेआउट मैप तैयार करना, हाउस लिस्टिंग एप पर डाटा दर्ज करना तथा सर्वे के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों को विस्तार से समझाया गया।
कार्यशाला में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु और एसोसिएट प्रोफेसर एवं मास्टर ट्रेनर सुरेंद्र कुमार ने फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की पूरी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से अवगत कराया। विशेष रूप से लेआउट मैप बनाने की विधि पर जोर दिया गया, ताकि प्रत्येक क्षेत्र का सटीक और व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जा सके। साथ ही, प्रतिभागियों को हाउस लिस्टिंग एप इंस्टॉल करने, आईडी बनाने, लॉगिन करने और उसे सही तरीके से संचालित करने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एप के काम करने का तरीका, डाटा सबमिट करने की प्रक्रिया और त्रुटियों से बचाव के उपाय भी विस्तार से बताए गए। मास्टर ट्रेनर ने बताया कि डिजिटल माध्यम से जनगणना को अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनाया जा रहा है, इसलिए सभी ट्रेनर्स को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि हाउस लिस्टिंग के अंतर्गत पूछे जाने वाले कुल 34 प्रश्नों को भी विस्तारपूर्वक समझाया गया, जिनमें परिवार की संरचना, आवास की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारी शामिल है। इसके साथ ही फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। ट्रेनर्स को निर्देश दिए गए कि जब वे किसी के घर जाएं तो उनका व्यवहार अत्यंत विनम्र और मित्रतापूर्ण होना चाहिए, ताकि परिवारजनों को किसी प्रकार की असहजता महसूस न हो और वे सहजता से सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
अधिकारियों ने कहा कि सटीक और विश्वसनीय आंकड़े जुटाने में फील्ड ट्रेनर्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए उन्हें हर पहलू की गहन जानकारी दी जा रही है। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया और उन्हें जिम्मेदारी के साथ अपने कार्य का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

