जांच में निकली अफवाह अधिकारियों ने ली राहत की सांस
सुलतानपुर 18 मार्च (आरएनएस )। जिले के प्रधान डाकघर में बुधवार दोपहर बम रखे होने की सूचना से अचानक हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और मौके पर बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड को बुलाकर सघन जांच अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, करीब 11 बजे डाकघर में बम की धमकी भरा मेल मिलने के बाद डाकघर परिसर को एहतियातन खाली करा लिया गया। इस दौरान पासपोर्ट सेवा केंद्र के कर्मचारियों समेत अन्य स्टाफ को भी बाहर निकाल दिया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर डाकघर के अंदर और बाहर गहन तलाशी ली। करीब आधे घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान डाकघर के प्रत्येक कमरे, बिलिं्डग और परिसर की बारीकी से जांच की गई। इस बीच मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, विस्तृत जांच के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस लेते हुए बताया कि यह सूचना अफवाह साबित हुई है। पोस्टमास्टर सुरेंद्र कुमार चौबे ने बताया कि उन्हें ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अब इस फर्जी मेल भेजने वाले की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और डाकघर का कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

