जयसिंहपुर/सुल्तानपुर 18 मार्च (आरएनएस )। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बहाऊद्दीनपुर गांव स्थित निषाद बस्ती के पास बुधवार भोर गोमती नदी में एक अधेड़ का शव उतराता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नदी किनारे दैनिक क्रिया के लिए गए ग्रामीणों ने शव देखा तो दंग रह गए। सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची गोसाईगंज पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, शव की पहचान आधार कार्ड के आधार पर कोतवाली नगर क्षेत्र के पार्किसगंज निवासी शीतला प्रसाद (51) पुत्र मोतीलाल कसौधन के रूप में हुई है। मृतक की जेब से 250 रुपये नकद, पैन कार्ड, आधार कार्ड, रुमाल, दवा, डायरी सहित अन्य कागजात बरामद हुए हैं। वह धारीदार शर्ट, बनियान और काला पैंट पहने हुए था। दाहिने हाथ की दूसरी उंगली में अंगूठी भी मिली है। घटना की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी अखंड प्रताप सिंह, सीओ जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी और थाना प्रभारी रामआशीष उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

