शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं, मानकों के विपरीत संचालित हो रहे सेंटर
सुल्तानपुर 18 मार्च (आरएनएस )। जनपद में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैब्स की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। नगर क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिना वैध पंजीकरण एवं निर्धारित मानकों के विपरीत इन चिकित्सा इकाइयों का संचालन किया जा रहा है, जिससे आमजन के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा है। सूत्रो के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के आसपास मात्र सौ मीटर के दायरे में ही कई अल्ट्रासाउंड सेंटर, क्लीनिक एवं पैथोलॉजी लैब संचालित हो रहे हैं, जिनमें से अधिकांश नियमानुसार पंजीकृत नहीं हैं। कई स्थानों पर ऐसे केंद्र भी संचालित पाए जा रहे हैं, जहां किसी अन्य चिकित्सक के नाम पर कागजी औपचारिकताएं पूरी कर, तथाकथित झोलाछाप व्यक्तियों द्वारा चिकित्सा सेवाएं दी जा रही हैं।इसी प्रकार प्यारेपट्टी रोड, घरहां खुर्द, बढ़ैयावीर, कुड़वार रोड, कूरेभार रोड, बरौंसा, जयसिंहपुर, कादीपुर, सुरापुर, दियरा, पांडेयबाबा एवं मोतीगंज सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा केंद्रों की भरमार है। इन केंद्रों में न तो आवश्यक उपकरणों का मानक पूरा किया जा रहा है और न ही प्रशिक्षित चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित है। बताया जा रहा है कि कुछ पंजीकृत केंद्रों में भी संबंधित चिकित्सक की अनुपस्थिति में अन्य व्यक्तियों द्वारा संचालन किया जा रहा है, जो कि नियमानुसार पूर्णत: अवैध है। इस प्रकार की गतिविधियां क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक स्वास्थ्य नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। गंभीर बात यह है कि इस संबंध में लगातार शिकायतें मिलने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग एवं औषधि विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। विभागीय स्तर पर गठित छापेमारी टीमें भी निष्क्रिय बनी हुई हैं, जिससे अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इन अवैध केंद्रों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि या गंभीर चिकित्सकीय त्रुटि की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। जनपद में अवैध चिकित्सा केंद्रों का यह जाल न केवल कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है, बल्कि आमजन के जीवन के साथ भी खिलवाड़ है। आवश्यकता है कि संबंधित विभाग तत्काल सघन जांच अभियान चलाकर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनी रहे। ज़ब इस संबंध में सी एम ओ डॉक्टर भारत भूषण से बात की गई तो उनका कहना है कि टीम गठित करके अवैध रूप से चल रहे तमाम स्वास्थ केन्द्रो पर जल्द ही कार्यवाही क़ी जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

