110 कुओं का जीर्णोद्धार, 10 मंदिरों का पुनरुद्धार और 48 मंदिरों का रंग-रोगन कर प्रदेश में कीर्तिमान स्थापित
कुशीनगर 18 मार्च। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना नगरपालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने दूसरे कार्यकाल के ढाई वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में पडरौना नगरपालिका निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है और शहर की पहचान प्रदेश स्तर पर मजबूत हुई है।
उन्होंने बताया कि शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई पहल की गई है। रात में फंसे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पथिक वाहन तथा बीमारों के लिए एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है। साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए प्रमुख चौराहों का नामकरण महापुरुषों के नाम पर किया गया है और उनकी प्रतिमाओं की नियमित देखभाल भी की जा रही है। नगरपालिका भवन के ऊपरी तल पर वातानुकूलित लाइब्रेरी स्थापित की गई है, जहां छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। इस लाइब्रेरी से जुड़े 26 छात्र-छात्राओं ने नीट, यूपी पुलिस समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। इसके अलावा 110 कुओं का जीर्णोद्धार, 10 मंदिरों का पुनरुद्धार और 48 मंदिरों का रंग-रोगन कराया गया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निशुल्क सिलाई-कढ़ाई केंद्र संचालित किया जा रहा है। नपा अध्यक्ष विनय जायसवाल ने बताया कि कल्याण मंडपम का निर्माण पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे नगरपालिका को हैंडओवर किया जाएगा। इस परियोजना को लेकर मैंने व्यक्तिगत तौर पर मुख्यमंत्रीजी से मिलकर सिफारिश की थी। आगामी योजनाओं के तहत सुराजी पोखरा के दूसरे चरण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसे करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। शिवम पोखरा पर 1.44 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि कांटी, अहिरौली दीक्षित, अंबे चौक समेत आठ पोखरों का सुंदरीकरण कर व्यवस्थित छठ घाट बनाए जाएंगे। कठकुइयां मोड़ स्थित आंबेडकर पार्क के सुंदरीकरण पर 66 लाख रुपये खर्च होंगे, जहां शेड, वाचनालय और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पालिका क्षेत्र में 25 सड़कों का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। कूड़ा निस्तारण के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शुरू होने जा रहा है और वर्तमान में चार पहर साफ-सफाई कराई जा रही है। सुभाष चौक से दमवतिया, कठकुइयां मोड़ से परसौनी नहर पुल व राज दरबार से धोबहा पुल तक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं, सुभाष चौक पर वातानुकूलित ग्रीन शौचालय का निर्माण जल्द शुरू होगा। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नहर पटरी पर वेंडर जोन विकसित किया जाएगा। साथ ही 132 करोड़ रुपये की लागत से 365 किमी पाइपलाइन बिछाने का कार्य जल निगम द्वारा जारी है। जिससे 26 हजार परिवारों को शुद्ध पेयजल मिलेगा और हर घर नल योजना के तहत निशुल्क कनेक्शन दिए जाएंगे। अध्यक्ष ने कहा कि क्लीन पडरौना-ग्रीन पडरौना उनका मुख्य लक्ष्य है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

