लखनऊ/मुरादाबाद 18 मार्च (आरएनएस)उत्तर प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत लोदीपुर धाम स्थित श्री जम्भेश्वर मंदिर के विकास को नई गति दी गई है। मंदिर परिसर के पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण पर 1.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे इसे एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत सत्संग भवन, यज्ञशाला, विश्राम गृह, रसोई, आधुनिक शौचालय, भव्य प्रवेश द्वार और ढका हुआ परिक्रमा मार्ग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगी, बल्कि बिश्नोई समाज की समृद्ध विरासत के संरक्षण में भी सहायक होगी।इसी बीच, लोदीपुर धाम में आयोजित चैत्र अमावस्या मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्री गुरु जम्भेश्वर धाम सेवा समिति के अनुसार इस वर्ष मेले में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ पर्यावरण संरक्षण और सदाचार का संकल्प भी लिया।करीब 200 वर्ष पुराना श्री जम्भेश्वर मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। गुरु जम्भेश्वर, जिन्हें जांभोजी के नाम से भी जाना जाता है, बिश्नोई संप्रदाय के संस्थापक थे और प्रकृति संरक्षण के लिए उनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। उनका जन्म 1451 में राजस्थान के पिपासर गांव में हुआ था। श्रद्धालु उन्हें भगवान विष्णु का अवतार मानते हैं।मंदिर परिसर में स्थित पवित्र खेजड़ी का पेड़ आज भी आस्था का प्रतीक है, जिसे गुरु जम्भेश्वर के आगमन के समय लगाया गया था। ऐतिहासिक रूप से 1485 के भीषण अकाल के दौरान उन्होंने समाज को सहयोग और नैतिक जीवन का संदेश दिया तथा 29 नियमों के आधार पर बिश्नोई संप्रदाय की स्थापना की।मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि बिश्नोई समाज पर्यावरण संरक्षण के लिए देशभर में जाना जाता है और उनकी परंपरा प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। वर्ष 2025 में मुरादाबाद में 72.04 लाख पर्यटकों का आगमन हुआ, जो इस दिशा में बड़ी उपलब्धि है।उन्होंने विश्वास जताया कि लोदीपुर धाम का विकास न केवल धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

