लखनऊ 18 मार्च (आरएनएस),पंकज चौधरी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री, ने लोक भवन में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित नवनिर्माण के नौ वर्ष विमोचन कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को आगामी नवरात्रि की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए इसे शुभ और प्रेरणादायक संयोग बताया।उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में नौ अंक को पूर्णता और सिद्धि का प्रतीक माना जाता है। प्रदेश की जनता ने नौ वर्ष पहले परिवारवाद, तुष्टिकरण और दंगाराज की राजनीति को नकारते हुए सेवा, विकास और सुशासन के मॉडल को चुना। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफियाÓ के स्थान पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्टÓ जैसे विकासोन्मुख मॉडल को अपनाने को जनता का ऐतिहासिक निर्णय बताया।पंकज चौधरी ने कहा कि वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में समग्र विकास और गरीब कल्याण की नई सोच को गति मिली, जिसका सर्वाधिक लाभ उत्तर प्रदेश को प्राप्त हुआ। वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनने के बाद प्रदेश में विकास का नया अध्याय शुरू हुआ, जिसे 2022 में जनता ने पुन: प्रचंड बहुमत देकर सुदृढ़ किया।उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार और मजबूत आधारभूत संरचना के चलते उत्तर प्रदेश आज निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है। रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में लखनऊ, कानपुर, झांसी, आगरा, चित्रकूट और अलीगढ़ जैसे शहर उभरकर सामने आए हैं, जहां अत्याधुनिक उत्पादों का निर्माण हो रहा है।स्टार्टअप इकोसिस्टम का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 2017 में जहां लगभग 200 स्टार्टअप थे, वहीं अब उनकी संख्या 20 हजार से अधिक हो चुकी है। सेमीकंडक्टर पार्क, डिफेंस कॉरिडोर, आईटी पार्क, टेक्सटाइल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी परियोजनाएं रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्टÓ योजना के माध्यम से 75 जिलों के उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की लगभग 55 प्रतिशत भागीदारी है। वर्तमान में 7 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं, 3 निर्माणाधीन हैं और 12 प्रस्तावित हैं। जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट एवं एयर कार्गो हब विकसित किया जा रहा है, जबकि 16 एयरपोर्ट संचालित हैं और कई अन्य शीघ्र शुरू होंगे।उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान है। बीते वर्षों में 6 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। युवाओं को 8.50 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां और 3.75 लाख से अधिक संविदा नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि निजी क्षेत्र और एमएसएमई में 2 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं। 50 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देकर डिजिटल रूप से सशक्त बनाया गया है।महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि कन्या सुमंगला योजना, मातृ वंदना योजना और आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है। वहीं किसानों के हित में गन्ना किसानों को 3.04 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है तथा पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों किसानों को लाभ मिला है।अंत में पंकज चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर वर्ष 2027 में भाजपा पुन: विजय प्राप्त करेगी और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

