लखनऊ 18 मार्च (आरएनएस)राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-आई में सोमवार देर रात एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना रात करीब 10 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक आशियाना पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीर्थराज सिंह की पुत्री साक्षी सिंह ने लगभग चार वर्ष पूर्व प्रतापगढ़ निवासी विष्णु यादव (उम्र लगभग 30 वर्ष) के साथ प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि सोमवार को तीर्थराज सिंह ने अपनी पुत्री और दामाद को अपने घर बुलाया था, जहां विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला ससुराल पक्ष द्वारा सामूहिक रूप से किए गए हमले का प्रतीत हो रहा है। आरोप है कि लकड़ी की चारपाई के पावे से विष्णु यादव पर वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट द्वारा मौके से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है तथा ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

