लखनऊ 18 मार्च (आरएनएस),राजधानी के गोमतीनगर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है। क्राइम सर्विलांस टीम पूर्वी जोन और गोमतीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, 6 मार्च और 11 मार्च को विरामखण्ड निवासी पीडि़तों द्वारा दर्ज कराए गए चोरी के मामलों की जांच के दौरान विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के क्रम में सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 18 मार्च को मुखबिर की सूचना पर शहीद पथ अंडरपास के पास विनीतखण्ड सब्जी मंडी क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संतोष कश्यप उर्फ राहुल कश्यप (उम्र 19 वर्ष), निवासी जनपद बाराबंकी, हाल पता गाजीपुर थाना क्षेत्र, लखनऊ के रूप में हुई है। इसके साथ ही एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 31 ग्राम पीली धातु (सोने के आभूषण) और लगभग 2 किलो सफेद धातु (चांदी के आभूषण) बरामद किए हैं। बरामद सामान में चैन, अंगूठी, झुमके, कंगन, पायल, कमरबंद, सिक्के सहित अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा 2900 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ रात के समय पॉश इलाकों में घूमते थे और जिन घरों में ताला लगा मिलता था, वहां गेट के ऊपर से चढ़कर अंदर घुसते और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी विभूतिखण्ड और अन्य थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।अभियुक्त के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके शातिर अपराधी होने की पुष्टि होती है। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अन्य संभावित आरोपियों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

