रायपुर 18 मार्च (आरएनएस)यात्रियों को शुद्ध और सुरक्षित खानपान उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन ने रायपुर स्टेशन पर सख्त रुख अपनाते हुए औचक जांच अभियान चलाया। इस गहन कार्रवाई में अवैध वेंडरों, नकली ब्रांड के पानी और बिना बुक सामान पर एक साथ शिकंजा कसते हुए कई अनियमितताओं का खुलासा किया गया।
17 मार्च दोपहर से 18 मार्च सुबह तक चले इस विशेष अभियान में स्टेशन से गुजरने वाली लगभग सभी ट्रेनों की जांच की गई, खासकर रात के समय चलने वाली ट्रेनों पर विशेष फोकस रखा गया। जांच के दौरान 5 अनधिकृत वेंडरों को पकड़कर आरपीएफ के हवाले किया गया, जिनके खिलाफ रेलवे एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
अभियान में एक और बड़ा खुलासा तब हुआ जब 456 पैकेज अवैध ब्रांड के पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर की बोतलें जब्त की गईं। इन सभी को आगे की कार्रवाई के लिए रेलवे अधिकारियों के सुपुर्द किया गया। वहीं करीब 2 क्विंटल बिना बुक किया गया सामान भी पकड़ा गया, जिस पर 2500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान ने साफ कर दिया है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने संकेत दिया है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
यह कार्रवाई न केवल अवैध गतिविधियों पर कड़ा संदेश है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करती है कि यात्रियों को मिलने वाली सेवाएं सुरक्षित, मानक और भरोसेमंद बनी रहें।

