-अपने बहनोई एवं ख्याति प्राप्त भारतीय वैज्ञानिक के समर्थन में विश्वविद्यालय कर्मी ने सोशल मीडिया पर डाली थी पोस्ट
-विश्वविद्यालय कर्मी की शिक्षिका पत्नी को भी विश्वविद्यालय परिसर स्थित डीएवी कॉलेज से हटाया
मिल्कीपुर-अयोध्या 18 मार्च (आरएनएस)। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज में तैनात एक विश्वविद्यालय कर्मी द्वारा अपने सगे बहनोई एवं पूर्व में कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के कुलपति पद पर नियुक्त किए गए डॉ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह का नियुक्ति आदेश प्रदेश के गवर्नर कर दिए जाने के बाद उनके द्वारा अपने बहनोई के समर्थन में फेसबुक पर की गई टिप्पणी का मामला इस कदर तूल पकड़ लिया कि कृषि विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके मूल तैनाती कृषि विज्ञान केंद्र से सुदूर नेपाल की सीमा स्थित श्रावस्ती कृषि विज्ञान केंद्र से संबद्ध कर दिया है। यही नहीं कुलपति के नाराजगी की गाज विश्वविद्यालय कर्मी के परिवार पर इस कदर गिरी कि विश्वविद्यालय परिसर स्थित एनडीडीएवी पब्लिक स्कूल में कार्यरत उनकी शिक्षिका पत्नी का भी स्थानांतरण अंबेडकर जनपद के टांडा स्थित डीएवी कॉलेज में कर दिया गया है। बताते चलें कि आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज में स्थाई कुलपति के तौर पर डॉ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह की नियुक्ति बीते 11 फरवरी को हुई थी। किंतु निर्धारित समय के अंदर उनके द्वारा विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार ग्रहण न किए जाने के चलते राज्यपाल द्वारा उनका नियुक्ति आदेश निरस्त कर दिया गया। इन सब धमा चौकड़ी के बीच कृषि विश्वविद्यालय के अधीन कृषि विज्ञान केंद्र पर विषय वस्तु विशेषज्ञ के पद पर तैनात डॉ विनोद कुमार सिंह पप्पू द्वारा अपनी फेसबुक आईडी से भारत के ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक का तिरस्कार निंदनीय है, संबंधी एक पोस्ट डाल दिया था, जो कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ बिजेंद्र सिंह को नागवार लगा और उन्होंने उन्हें उनके इस कार्य को कर्मचारी सेवा नियमावली का उल्लंघन मानते हुए निलंबित किए जाने का आदेश दे दिया। यही नहीं सबसे मजे की बात तो यह है कि विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति की नाराजगी इस कदर भड़की कि विश्वविद्यालय परिसर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में नर्सरी टीचर्स ट्रेनिंग शिक्षक पद पर कार्यरत डॉ विनोद कुमार सिंह की धर्म पत्नी श्रीमती भक्ति सिंह का भी स्थानांतरण अंबेडकर नगर के टांडा कस्बा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल हेतु कर दिया गया। इस प्रकार से कृषि विश्वविद्यालय में अपने सगे रिश्तेदार बहनोई की उपेक्षा न बर्दाश्त कर पाने के चलते विश्वविद्यालय कर्मी द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई एक पोस्ट कृषि विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति को कांटों की तरह चुभ गई है और वह अब भारत के माने जाने कृषि वैज्ञानिक डॉ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के रिश्तेदारों सहित सगे संबंधियों का उत्पीडऩ करने पर तुल गए हैं। फिलहाल विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति द्वारा की जा रही उत्पीडऩात्मक कार्यवाहियां विश्वविद्यालय सहित समूचे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। दूसरी ओर निलंबित किए गए विश्वविद्यालय कमी डॉ विनोद कुमार सिंहका कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी निलंबन आदेश के खिलाफ वह अब उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे जहां से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद दिख रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

