गोसाईंगंज अयोध्या 18 मार्च (आरएनएस)। गोसाईगंज कोतवाली इलाके के ऊँचेगाँव रुहियांवा गांव में एक महिला के घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। पीडि़ता नफीसा खातून का कहना है कि बीते 16 मार्च को शाम करीब 7 बजे विपक्षी शर्जील अहमद, इरशाद अली तथा सलमा खातून निवासीगण जनपद सुलतानपुर उसके घर पहुंचे और पूछताछ के बहाने विवाद करने लगे।आरोप है कि जानकारी न देने पर सभी आरोपी भड़क गए और गाली गलौज करते हुए पीडि़ता को मारने पीटने लगे। जान बचाने के लिए जब पीडि़ता घर के अंदर भागी तो आरोपी घर में घुसकर उसे बेरहमी से पीटते रहे और लगातार धमकियां देते रहे।घटना के दौरान आरोपियों ने यह भी कहा कि यदि उनके खिलाफ शिकायत की गई तो अंजाम बहुत बुरा होगा और जान से हाथ धोना पड़ेगा। शोर सुनकर जब गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।घटना के बाद से पीडि़ता और उसका परिवार दहशत में है। एसओ शारदेन्दु दुबे के मुताबिक पीडि़ता की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में टीम जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

