-सिधौना खदरा गांव में कृषक प्रशिक्षण का हुआ आयोजन
मिल्कीपुर-अयोध्या 18 मार्च (आरएनएस)। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के सिधौना खदरा गांव में आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज की ओर से अखिल भारतीय समन्वित गेहूं एवं जौ सुधार परियोजना के तहत अनुसूचित जाति उप योजना अंतर्गत कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को गेहूं और जौ की उन्नत खेती, नई तकनीकों तथा बेहतर उत्पादन के उपायों की जानकारी देना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. विनोद सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए गेहूं और जौ की वैज्ञानिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को उन्नत बीजों के चयन, समय से बुवाई, संतुलित उर्वरक प्रयोग, सिंचाई प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण तथा फसलों को रोग एवं कीटों से बचाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि यदि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाएं तो कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम में लगभग 50 महिला एवं पुरुष किसान मौजूद रहे। किसानों ने प्रशिक्षण के दौरान खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान बताया। इस दौरान किसानों को यह भी जानकारी दी गई कि बदलते मौसम और कृषि परिस्थितियों को देखते हुए किस प्रकार वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग कर फसल उत्पादन को बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में डॉ. वी. पी. चौधरी, डॉ. दिग्विजय सिंह, शोध छात्र दीपक कुमार प्रजापति, अनुपम त्रिपाठी, अर्जित सिंह, राजकरण त्रिपाठी तथा आकाश सिंह भी उपस्थित रहे। सभी विशेषज्ञों ने किसानों को जागरूक करते हुए कहा कि कृषि में नई तकनीकों और विश्वविद्यालय द्वारा विकसित उन्नत विधियों को अपनाकर किसान अपनी उपज और आमदनी दोनों में वृद्धि कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को किसानों ने उपयोगी बताया और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें खेती-किसानी के नए तरीके सीखने का अवसर मिलता है, जिससे वे भविष्य में बेहतर उत्पादन के लिए प्रेरित होते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

