अयोध्या 18 मार्च (आरएनएस)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या के भौतिकी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग की सह आचार्य डॉ. गीतिका श्रीवास्तव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जापान के हकोडेटे, होक्काइडो में आयोजित कांफ्रेंस में आर्टफिशल इंटेलिजेंस क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है। ऐक्टिविटी एण्ड बिहेवियर कंट्रोल चैलेंज 2026 के अंतर्गत आयोजित मल्टीमोडल अपर लिम्ब मूवमेंट इन्टेन्ट डिटेक्शन चैलेंज में डॉ. गीतिका श्रीवास्तव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में उनकी टीम को उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए बेस्ट पेपर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, साथ ही प्रतियोगिता की कोडिंग श्रेणी में फस्र्ट रनर अप घोषित किया गया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें नकद पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। डॉ. गीतिका श्रीवास्तव ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन आईईईई व कतर विश्वविद्यालय के मशीन लर्निंग ग्रुप द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता में विश्व के 23 देशों से चुने हुए 157 शोधकर्ताओं व वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया। इस कोडिंग चैलेंज का मुख्य उद्देश्य मस्तिष्क के बहु-माध्यमीय जैव-संकेतों के माध्यम से मानव के अंगों की गति को पहचानने के लिए उन्नत कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित मॉडल विकसित करना था। यह तकनीक भविष्य में कृत्रिम अंगों, पुनर्वास रोबोटिक्स, एक्सोस्केलेटन नियंत्रण तथा मानव-रोबोट इंटरफेस जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। डॉ. गीतिका श्रीवास्तव एआई व बायोमेडिकल इलेक्ट्रानिक्स के क्षेत्र में अनुसंधान में महत्वपूर्ण योगदान कर रही हैं। वर्तमान समय में उनके नेतृत्व में लगभग 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की बाह्य वित्तपोषित शोध परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। इसके अतिरिक्त उनके अनेक शोधपत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। अवध विश्वविद्यालय के भौतिक एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग की रिसर्च टीम को इस अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि पर कुलपति, कुलसचिव, विभागाध्यक्ष प्रो. गंगा राम मिश्र, तथा अन्य अधिकारियों एवं शिक्षकों ने बधाई दी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

