– 27 मार्च को पूर्णाहुति के साथ होगा समापन
अयोध्या 18 मार्च (आरएनएस)। अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाला 16वां श्रीराम महायज्ञ महोत्सव इस वर्ष भव्य रूप में संपन्न होगा। परम तपस्वी अमरकंटक के तपोनिष्ठ संत कायाकल्पी बर्फानी दादा महाराज के आदेश से वर्ष 2010 में प्रारंभ यह महायज्ञ, श्रीराम मंदिर निर्माण में आने वाली बाधाओं की निवृत्ति तथा शीघ्र निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष महायज्ञ का आयोजन 19 मार्च से प्रारंभ होकर 27 मार्च को पूर्णाहुति एवं वृहद भंडारे के साथ संपन्न होगा। आयोजन का संयोजन अखिल भारतीय पंच तेरह भाई त्यागी खालसा ख़ाक चौक तथा सिद्धपीठ संकट मोचन हनुमान किला के पीठाधीश्वर महंत परशुराम दास महाराज के नेतृत्व में किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल सिद्धपीठ संकट मोचन हनुमान किला, धर्म पथ बाईपास, अयोध्या धाम रहेगा, जहां प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों की गूंज सुनाई देगी।महायज्ञ महोत्सव के अंतर्गत अखंड दुर्गा सप्तशती पाठ, श्रीराम नाम संकीर्तन एवं श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही नवदिवसीय श्रीराम कथा एवं श्रीमद्भागवत कथा का भी आयोजन होगा, जिसका शुभारंभ वैदिक विद्वानों द्वारा विधिवत पूजन के साथ किया जाएगा। प्रत्येक सायंकाल संतों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। महंत परशुराम दास महाराज ने बताया कि वर्ष 2019 से पूर्व मंदिर निर्माण हेतु संतों का व्यापक आंदोलन चल रहा था, उसी क्रम में श्रीराम महायज्ञ की शुरुआत हुई थी। मंदिर निर्माण के पश्चात भी यह आयोजन निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी सीमित स्वरूप में अनुष्ठान जारी रखा गया, जो इसकी आस्था और संकल्प की दृढ़ता को दर्शाता है।उन्होंने ‘रामराज्यÓ की परिकल्पना को स्पष्ट करते हुए कहा कि इसका आशय विश्व में शांति, परस्पर प्रेम और सनातन मूल्यों की स्थापना से है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर यह महायज्ञ आयोजित किया जाता है।इस आयोजन में राम जी भाई पाल (मुंबई), अमर सिंह, राजमणि सिंह (अयोध्या) तथा डॉ. एम.पी. यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं शिष्य परिवार सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे। श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं से ओतप्रोत यह महायज्ञ महोत्सव अयोध्या धाम में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

