• दरियापुर प्रखंड के पट्टी शीतल गांव में छात्रा की मृत्यु मामले में स्थानीय प्रशासन के निष्पक्ष जांच के दावे की स्थिति में सीआईडी जांच।
• सांसद राजीव प्रताप रूडी ने उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी से दुरभाष पर बात कर सीआईडी जांच का अनुरोध किया
• पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पर सवाल उठने के बाद सांसद ने सीआईडी जांच के लिए पत्र भी लिखा
• स्थानीय स्तर पर पुलिस जांच पर उठे सवालों के बीच पारदर्शी जांच पर बल
• प्रारंभ से ही सांसद द्वारा सक्रिय पहलकृशीघ्र पोस्टमार्टम, डीजीपी, आईजी, डीआईजी एवं एसपी से लगातार संपर्क
• रुडी की पीड़ित परिवार को न्याय और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की पहल
छपरा, 18 मार्च (आरएनएस )। सारण सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने दरियापुर प्रखंड अंतर्गत डेरनी थाना क्षेत्र के पट्टी शीतल गांव में छात्रा की मृत्यु के मामले में निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी से दुरभाष पर बात कर प्रकरण को अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को हस्तांतरित करने का आग्रह किया है। इसके पूर्व 14 मार्च को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं सोशल मीडिया से जुड़े लोगों ने पुलिस जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाने लगे। इन परिस्थितियों को देखते हुए सांसद रूडी ने 15 मार्च को ही उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री को पत्र लिखकर मामले की सीआईडी जांच कराने की बात कही थी। सांसद रूडी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि 11 मार्च को छात्रा का शव कुएं से बरामद होने के बाद मृतका के परिजनों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म के पश्चात हत्या का आरोप लगाया गया था, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। तत्पश्चात जिला पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच करते हुए घटना को आत्महत्या बताया गया और दुष्कर्म की आशंका को खारिज किया गया। इस निष्कर्ष के बाद पुलिस जांच की निष्पक्षता पर प्रश्न उठाए गए हैं। सांसद रूडी ने कहा कि वे प्रारंभ से ही इस प्रकरण में सक्रिय रहे हैं तथा पोस्टमार्टम से लेकर उच्च पुलिस अधिकारियों से निरंतर संपर्क कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का प्रयास करते रहे हैं। सांसद रूडी ने सम्राट चौधरी से राज्य सरकार से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए विश्वास जताया कि इससे न केवल निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होगी, बल्कि समाज में व्याप्त शंकाओं एवं भ्रांतियों का भी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में जनसामान्य के विश्वास की पुनर्स्थापना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में यह उचित होगा कि अब तक की गई जांच को सीआईडी को हस्तांतरित कर पुनः विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिससे सत्य तथ्यों का स्पष्ट निर्धारण हो सके। सांसद रूडी ने विश्वास व्यक्त किया कि सीआईडी जांच से न केवल पारदर्शिता सुनिश्चित होगी, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा और समाज में व्याप्त शंकाओं एवं भ्रांतियों का भी समाधान हो सकेगा। उन्होंने राज्य सरकार से इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

