मेरठ 19 मार्च (आरएनएस)। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बुधवार को दबंगई का मामला सामने आया। कई बाइक व बुलेट सवार लगभग 20 युवकों ने एक कार सवार युवक को घेरकर न केवल उसकी गाड़ी पर हमला किया, बल्कि डंडों से पीछा करते हुए मारपीट भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार युवक कार को ओवरटेक कर उसे रोकने का प्रयास करते हैं। इस दौरान कार चालक किसी परिचित से फोन पर बात करते हुए कह रहा है कि यहां बुलेट और बाइकों पर सवार करीब 20 लड़के हैं, जो उसका पीछा कर रहे हैं। इसी बीच कुछ युवक हाथों में डंडे लेकर कार के पीछे दौड़ते नजर आते हैं।
आरोप है कि उन्होंने गाड़ी के शीशे और बॉडी पर हमला कर तोडफ़ोड़ की और चालक के साथ मारपीट भी की। हमलावर युवक गाली-गलौज करते हुए खुलेआम हाईवे पर उत्पात मचा रहे थे। बाइक पर सवार कुछ युवकों के पास हथियार जैसे डंडे भी दिखाई दिए, जिससे राहगीरों में भय का माहौल बन गया। घटना के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ती गुंडागर्दी पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि जांच की जाएगी और तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

