मेरठ 19 मार्च (आरएनएस)। मवाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने छोटा मवाना चौकी इंचार्ज पर खुद को चौकी में बंद करके थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया है। पीडि़त का कहना है कि वह भाई से घरेलू विवाद के चलते उसकी शिकायत करने पुलिस चौकी पर गया था। अधिकारियों ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
भैंसा गांव का रहने वाला रविंद्र कुमार बृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा। रविंद्र ने बताया कि उसका अपने छोटे भाई प्रवीण से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों से सिंचाई विभाग में नौकरी हासिल करने पर प्रवीण बर्खास्त हो चुका है। इस मामले में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था। कुछ दिन पहले ही प्रवीण जेल से छूटा है। रविंद्र ने आरोप लगाया कि प्रवीण ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की कोशिश की। इस बात की शिकायत करने वह छोटा मवाना पुलिस चौकी पर गया था। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने रविंद्र का मोबाइल जब्त कर लिया। इसके बाद उसे चौकी में बंद करके रविंद्र की फट्टे से पिटाई की गई। पीडि़त ने अधिकारियों से पूरे मामले की शिकायत की है। जिस पर एसपी देहात ने जांच और कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

