लखनऊ 19 मार्च (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और नौजवानों को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में शिक्षित युवा बेरोजगार हैं और सरकार देश को अंधेरे की ओर ले जा रही है। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को भी पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया है।समाजवादी पार्टी राज्य मुख्यालय पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार के अंतिम वर्ष में स्वास्थ्य मंत्री केवल दिखावे के लिए छापेमारी कर रहे हैं, जबकि गरीबों को न दवा मिल रही है और न ही इलाज। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं और जरूरतमंदों को समय पर एम्बुलेंस तक नहीं मिल पा रही है।उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और लूट को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सेवाएं सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं। प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों की शिक्षा के प्रति सरकार की नीयत ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश का विकास कार्य ठप हो गया है और केवल बजट की लूट चल रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों और कार्यप्रणाली को समझ चुकी है और वर्ष 2027 में बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत और समग्र विकास के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार आवश्यक है। उनके अनुसार, समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उद्योग-धंधों को बढ़ावा मिलेगा, कृषि और कारखानों का विकास होगा और उत्तर प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

